मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मालीखेड़ी इलाके में सोमवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या का मामला सामने आया है. मृतकों में 50 साल की एक महिला, उनकी बहू और दो बच्चे शामिल हैं. बच्चों की उम्र 10 साल और 6 साल है. वहीं, बेटे नरेंद्र का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है. पुलिस को आशंका है कि नरेंद्र ने पहले परिवार के चारों सदस्यों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली. (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की 'जीवन आस्था' हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.) भोपाल के ज़ोन 4 के डीसीपी आदर्श कांत शुक्ला ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, "सोमवार सुबह हमें रेलवे ट्रैक के पास एक घटना की सूचना मिली थी. इस जानकारी के आधार पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो एक ही घर के चार सदस्यों और एक अन्य व्यक्ति की मौत का पता चला. उस व्यक्ति की मौत ट्रेन से कटकर हुई थी. परिवार के चार सदस्यों के शवों की शुरुआती जांच करने पर गला काटने का मामला लग रहा है." मृतकों की पहचान नरेंद्र की मां सरस्वती साहू, पत्नी सोमलता साहू, बेटी कृति साहू और बेटे खुश साहू के रूप में हुई है. चारों के शव घर में एक ही बेड पर मिले. पुलिस के मुताबिक, सभी के गले पर धारदार हथियार से काटे जाने के निशान थे. शवों के सिर और गले पर चोट के निशान भी मिले हैं. भोपाल पुलिस की शुरुआती जांच में परिवार के इकलौते कमाने वाले शख़्स नरेंद्र पर कर्ज का दबाव और मानसिक तनाव होने की बात सामने आई है. परिवार का एक छोटा रेस्टोरेंट था, जो कुछ समय पहले बंद हो गया था. बताया गया है कि नरेंद्र पिछले 15 से 20 दिनों से कोई काम नहीं कर रहे थे. डीसीपी आदर्श कांत शुक्ला के मुताबिक, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि परिवार की आर्थिक परेशानियों का इस घटना से कोई संबंध था या नहीं.
यूरोप के सात देशों के दर्जनों सुपरमार्केट पर साइबर हमला, फ्रिज और फ़्रीज़र हुए प्रभावित
यूरोप के ज़्यादातर सुपरमार्केट के फ्रिज इंटरनेट से जुड़े होते हैं. इससे उनकी मरम्मत और तकनीकी समस्याओं का समाधान दूर से ही किया जा सकता है.




